भाजपा नेता अनुज चौधरी हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, एसएसपी ने बताई हत्या की बड़ी वजह

प्रशांत शर्मा/मुरादाबाद: बीते दिनों जनपद के मझोला थाना क्षेत्र में हुई भाजपा नेता अनुज चौधरी की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। भाजपा नेता  की हत्या चुनावी रंजिश में ब्लॉक प्रमुख के पति ने 30 लाख की सुपारी देकर किराए के शूटरों से कराई थी। पुलिस ने असमोली ब्लॉक प्रमुख के पुत्र सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मझोला पुलिस ने हत्याकांड से पर्दा उठा दिया है।

बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना ने प्रेसवार्ता कर भाजपा नेता अनुज चौधरी हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। बता दें की बीती 10 अगस्त को थाना मझोला के पार्श्वनाथ प्रतिभा अपार्टमेन्ट नया मुरादाबाद में अनुज चौधरी की गोली मार कर हत्या कर दी गयी थी व अनुज चौधरी के मित्र पुनीत चौधरी घायल हो गये थे। मझोला पुलिस ने भाजपा नेता अनुज चौधरी की हत्या के मामले में अनिकेत पुत्र प्रभाकर निवासी हाजीबेडा थाना ऐचौडा कम्बोह,सम्भल व नीरजपाल पुत्र शशिपाल निवासी रेलवे कालोनी हरथला थाना सिविल लाइन्स, मुरादाबाद को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से 02 अवैध तमंचे 315 बोर , 04 जिन्दा कारतूस 315 बोर व 02 मोबाईल फोन  बरामद किये गये है। 


30 लाख की सुपारी देकर कराई हत्या

पुलिस के मुताबिक अनिकेत चौधरी और उसके पिता प्रभाकर चौधरी व केजीके कॉलेज के क्लर्क अमित चौधरी ने हत्या की 30 लाख की सुपारी दी थी। अमित चौधरी छात्र नेता दीपक चौहान की हत्या में उम्रकैद की सजा काट रहे मोहित चौधरी का भाई है। नीरज पाल ने हत्या के लिए हथियार और शूटर का इन्तजाम किया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना ने बताया कि ऐचोड़ा कम्बोह थाना क्षेत्र के हाजीबेड़ा निवासी ब्लॉक प्रमुख के बेटे अनिकेत और अमित चौधरी में दोस्ती है। दोनों ने तीसरे दोस्त हरथला रेलवे कॉलोनी सिविल लाइंस निवासी नीरज पाल के माध्यम से शूटरों से अनुज की हत्या कराने की योजना बनाई थी। इस योजना में अनिकेत ने पिता प्रभाकर और अमित ने अपने रिश्ते के भाई पुष्पेंद्र को भी शामिल किया गया था। नीरज पाल ने हत्या करने के लिए शूटर शानू पुत्र अरविंद शर्मा, गोलू शर्मा निवासी ब्रहमपुरी जयंतीपुर थाना मझोला और आकाश कश्यप उर्फ कटवा निवासी भदौड़ा थाना कटघर से 30 लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी थी। हत्या से पहले 6 लाख रुपये एडवांस दिए गए थे।

शूटरों को हत्या करने से पहले दिलाया फ्लैट

नीरज पाल व अमित चौधरी द्वारा इनकी विभिन्न स्थानो पर मीटिंग करायी गई जो मुरादाबाद के अलावा उत्तराखण्ड में भी किसी स्थान पर इन सभी की मीटिंग हुई। घटना से करीब एक माह पूर्व नीरज पाल व अमित चौधरी ने पार्श्वनाथ प्रतिभा अपार्टमेन्ट में शूटरो को रहने व अनुज चौधरी की दिनचर्या की  रैकी करने के लिए फ्लैट दिलाया था। जिससे मौका मिलते ही उसकी हत्या की जा सकें।

और नया पुराने