बिजनौर लोकसभा सीट पर रालोद प्रत्याशी और मीरापुर सीट से विधायक चंदन चौहान ने सपा के दीपक सैनी को 37 हजार से अधिक वोटों से हरा दिया। एनडीए के साथ गठबंधन में रालोद को बिजनौर लोकसबा सीट मिली थी। रालोद मुखिया जयन्त चौधरी ने मीरापुर सीट से विधायक चंदन चौहान को टिकट दिया।
बिजनौर लोकसभा सीट से कई जाट और गुर्जर नेता टिकट के दावेदार थे। जाट और गुर्जर बिरादरी का समीकरण साधते हुए रालोद मुखिया जयन्त चौधरी ने मीरापुर सीट से विधायक चंदन चौहान को टिकट दिया। वहीं, समाजवादी पार्टी ने नूरपुर विधायक राम अवसार सैनी के पुत्र दीपक सैनी को टिकट दिया जबकि बसपा से जाट समाज के विजेंद्र सिंह चुनाव मैदान में थे। मंगलवार को हुई मतगणना में चंदन चौहान को चार लाख चार हजार 493 वोट मिले जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा के दीपक सैनी को तीन लाख 66 हजार 985 वोट मिले। दीपक सैनी चंदन चौहान से 37 हजार 508 वोटों से हार गए।
