बिजनौर: नगीना लोकसभा सीट की जनता ने प्रमुख राजनैतिक पार्टियों को नकारते हुए आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर पर अपना भरोसा जताकर सांसद बनाया है। चंद्रशेखर आजाद ने 51.19 फीसदी वोट हासिल कर करीब डेढ़ लाख वोटो के अंतर से चुनाव जीत लिया।
आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर ने भाजपा के उम्मीदवार और नहटौर के मौजूदा विधायक ओमकुमार को डेढ़ लाख से अधिक वोटो से हरा दिया है। वहीं, सपा प्रत्याशी मनोज कुमार तीसरे नंबर पर रहे जबकि बसपा के सुरेंद्र सिंह को महज 13272 ही वोट मिले। मंगलवार की सुबह आठ बजे से वेयर हाऊस में मतगणना शुरू हुई।
पहले चक्र से ही चंद्रशेखर ने बना ली थी बढ़त
मतगणना के पहले चक्र से ही आजाद समाज पार्टी के चंद्रशेखर ने बढ़त बना ली थी, जो आखिरी चक्र तक बढ़त बनाए रहे और चुनाव जीत लिया। चंद्रशेखर को 513140 वोट मिले हैं जबकि दूसरे नंबर पर रहे भाजपा उम्मीदवार ओमकुमार 360491 वोट ही हासिल कर सकें। मतगणना समाप्त होने पर डीएम अंंकित कुमार अग्रवाल ने नगीना लोकसभा क्षेत्र से जीत दर्ज कराने वाले चंद्रशेखर आजाद को प्रमाण पत्र सौंपा।
