रक्षाबंधन पर मातृशक्ति को योगी सरकार का तोहफा, 60+ महिलाओं के लिए आजीवन मुफ्त बस यात्रा

 मुरादाबाद। रक्षाबंधन पर्व की पूर्व संध्या पर बुधवार को पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम में मातृशक्ति के सम्मान के साथ महिलाओं को सरकार की बड़ी सौगात दी गई। जिला प्रशासन की ओर से ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ का फ्लैग ऑफ कर शुभारंभ किया गया। इस योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को आजीवन निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह रहे। इस दौरान लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। बड़ी संख्या में मौजूद महिलाओं ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना और सरकार की महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। रक्षाबंधन के मौके पर कार्यक्रम में भाई-बहन के स्नेह का अनूठा रंग भी देखने को मिला। महिलाओं ने कैबिनेट मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह समेत अन्य गणमान्य लोगों को राखी बांधी और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। मंत्री ने बहनों को उपहार स्वरूप धनराशि भेंट की। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शेफाली चौहान ने जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया को राखी बांधकर मिठाई खिलाई। कार्यक्रम में करीब 600 महिलाओं को साड़ी और मिठाई के डिब्बे वितरित किए गए। उपहार पाकर महिलाओं के चेहरे खिल उठे। महिलाओं ने सरकार की इस पहल को वरिष्ठ मातृशक्ति के सम्मान और सुविधा से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।

इस अवसर पर चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के केंद्र में महिलाएं हैं। सरकार महिलाओं के सशक्तीकरण, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए आजीवन निशुल्क यात्रा सेवा शुरू होने से उन्हें धार्मिक, सामाजिक और अन्य जरूरी यात्राओं में काफी सुविधा मिलेगी। मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की महिलाएं आज प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को सम्मान के साथ आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में एमएलसी गोपाल अंजान, भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष गिरीश भडुला, जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन चंद्रभान सिंह, एडीएम सिटी अंकुर श्रीवास्तव, आरटीओ राजेश कुमार, आरटीओ संदीप कुमार पंकज, रोडवेज की क्षेत्रीय प्रबंधक अम्बरीन अख्तर, सेवा प्रबंधक अनुराग यादव समेत अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

और नया पुराने