प्रशांत शर्मा/मुरादाबाद: किसानों का बकाया गन्ना भुगतान सहित विभिन्न मांगों को लेकर राष्ट्रीय लोक दल के कार्यकर्ताओं ने सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित गन्ना भवन पर धरना प्रदर्शन करते हुए अपनी मांगों से संबंधित एक ज्ञापन सौंपा। राष्ट्रीय लोकदल के इस धरने में मुख्य अतिथि के रुप में मीरापुर विधायक चंदन चौहान पहुंचे और उन्होंने धरने को संबोधित किया।
राष्ट्रीय लोक दल के कार्यकर्ताओं ने गन्ना भवन पर धरना प्रदर्शन करते हुए जिला गन्ना अधिकारी के माध्यम से एक ज्ञापन मुख्यमंत्री को भेजा है।रालोद की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश में गन्ना किसानो तथा मजदूरों की ही नहीं व्यापारियों की भी आजीविका का केंद्र बिंदु है। चीनी मिलों पर किसानों का गत सत्र का हजारों करोड़ रुपए बकाया है। जिसके कारण किसान-मजदूर व्यापारी का सामाजिक एवं आर्थिक तानाबाना बिगड़ चुका है तथा ये सभी वर्ग भुखमरी की कगार पर पहुंच चुके है। इतना ही मानसिक अवसाद के कारण आत्महत्या करने को मजबूर है। किसानों, मजदूरों तथा व्यापारियों के हितों के लिए राष्ट्रीय लोक दल मांग करती है कि 11 चीनी मिलों के विरुद्ध उचित कार्यवाही करते हुए निर्देशित कर किसानों का बकाया गन्ना भुगतान अविलंब ब्याज सहित भुगतान दिलाया जाए। अक्टूबर माह से नवीन गन्ना पेराई सत्र भी प्रारंभ हो रहा है, अग्रिम सत्र के लिए आपके घोषणापत्र के अनुरूप 14 दिन में गन्ने के भुगतान को सुनिश्चित करने के लिए अग्रिम तैयारी कर एक रूपरेखा बनाने का कार्य किया जाए ताकि इस सत्र की भांति अग्रिम सत्र में भी किसानों को अपने गन्ने के भुगतान के अभाव में प्रतिकूल घरेलू मानसिक तथा सामाजिक परिस्थितियों का सामना न करना पड़े। आगामी सत्र के लिए किसानों को उनकी सुविधा के अनुरूप किसी भी चीनी मिल अथवा गन्ना क्रय केंद्र पर गन्ना आपूर्ति करने की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। किसानों की आदि समस्याओं का शीघ्र निस्तारण नहीं किया गया तो राष्ट्रीय लोकदल को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
