मुरादाबाद: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री तीन दिवसीय दौरे पर यूपी आएंगे। नया मुरादाबाद में 18 मार्च से तीन दिवसीय हनुमंत कथा का आयोजन होने जा रहा है। इसको लेकर सभी तैयारी पूरी हो गई है। इस दौरान दिव्य दरबार का भी आयोजन किया जाएगा।
नया मुरादाबाद के सेक्टर 6 स्थित लोहिया स्टेट में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का दिव्य दरबार कल 18 मार्च से लगने जा रहा है। तीन दिवसीय चलने वाली हनुमंत कथा में करीब दो से तीन लाख भक्तों के आने की उमीद है। कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां की जा रही हैं। आयोजकों के मुताबिक 18 से 20 मार्च तक दोपहर 2 बजे से श्री हनुमंत कथा का आयोजन किया जाएगा। जबकि 19 मार्च को सुबह 9 बजे से बागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेंद्र शास्त्री दिव्य दरबार लगाएंगे। बताया जा रहा है की दिव्य दरबार में बाबा भक्तों की पर्ची भी निकाल सकते हैं।
कार्यक्रम में 1000 वालंटियर किए जाएंगे तैनात
श्रीराम बालाजी धाम बाबा नीम करौली आश्रम ट्रस्ट मुरादाबाद के मुताबिक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के दिव्य दरबार में करीब एक हजार वालंटियर तैनात किए जाएंगे। नया मुरादाबाद कार्यक्रम स्थल पर सभी तैयारियां पूरी हो गई है। कथा के लिए विशाल पंडाल भी तैयार किया गया है। अन्य जनपदों से आने वाले भक्तों के लिए कार्यक्रम स्थल पर भक्तों के लिए रुकने की व्यवस्था भी की गई है।
