6 लाख की सुपारी देकर कराई थी किसान सूखा की हत्या, पुलिस ने हत्या में शामिल दो आरोपी किए गिरफ्तार

मुरादाबाद: छजलैट पुलिस ने पांच दिन पहले हुई किसान की हत्या का खुलासा कर दिया है। किसान सूखा की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके साढ़ू ने ही 6 लाख की सुपारी देकर कराई थी।छजलैट पुलिस ने हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मुरादाबाद एसएसपी हेमराज मीणा ने बुधवार को प्रेसवार्ता करते हुए घटना का खुलासा किया।हत्या में शामिल दो आरोपी गिरफ्तार।


एसएसपी के मुताबिक किसान सूखा की हत्या उसकी जमीन पर कब्जा करने के लिए उसके ही साढ़ू चंद्रपाल ने सुपारी देकर कराई थी। किसान के इकलौता बेटे ने आत्महत्या कर अपनी जान दे दी थी और उसकी कोई औलाद बाकी नहीं थी। ऐसे में सूखा के मरने पर किसान की जमीन और अन्य संपत्ति उसकी पत्नी के नाम पर हो जाती। हत्या की सुपारी देने वाले चंद्रपाल के सूखा की पत्नी से अवैध संबंध थे। इस वजह से पूरा विश्वास था की सूखा की मौत के बाद उसकी करोड़ों रुपये की संपत्ति पर कब्जा कर लेगा।एसएसपी ने आगे बताया कि सूखा की हत्या के लिए उसने विनीत निवासी चितावली मढ़ैया सिंडलाऊ नजरपुर थाना भोजपुर और जितेंद्र निवासी बिलावाला भगतपुर को 6 लाख रुपये में सुपारी दी थी। वारदात को अंजाम देने के लिए इन दोनों ने अरुण निवासी आधौ नगली थाना भगतपुर को भी अपने साथ शामिल कर लिया था। हत्या कर लिए 12 हजार रुपये आरोपियों को एडवांस में दिए गए थे। पुलिस ने इस घटना में शामिल विनीत और जितेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। ये दोनों आपस में जीजा साले हैं। घटना में शामिल अन्य तीन आरोपियों की पुलिस टीम तलाश में जुटी है। एसएसपी ने 5 दिन के भीतर हत्याकांड का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 15 हजार रुपये का नकद पुरस्कार भी दिया है।

खेत में पड़ा मिला था किसान का शव 

दरअसल घटना चार अगस्त की देर शाम की है। जहां मुरादाबाद जिले के छजलैट थाना क्षेत्र के सदरपुर में खेत से चारा लेकर लौट रहे किसान सूखा सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। किसान सूखा छजलैट थाना क्षेत्र के गांव पचोकरा का रहने वाला था। लेकिन घटना के 15 दिन पहले से वो अपने भांजे के घर रह रहा था। घटना के समय वो खेत से चारा लेने गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम कराकर परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

और नया पुराने