प्रशांत शर्मा/मुरादाबाद: अधिवक्ताओं के उत्पीड़न और अधिवक्ताओं के साथ हो रही आपराधिक घटनाओं के विरोध में यूपी बार काउंसिल के आह्वान पर मुरादाबाद जनपद में अधिवक्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए अपनी मांगों से संबंधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा है
दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी मुरादाबाद के तत्वाधान में अधिवक्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन कर अपना विरोध जाहिर किया और एक ज्ञापन सौंपा।दि बार एसोसिएशन लाइब्रेरी के द्वारा दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि सुल्तानपुर के अधिवक्ता आजाद अहमद व जमालपुर अलीगढ़ के अधिवक्ता अब्दुल मुगीश की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गयी व प्रतापगढ़ व जौनपुर के अधिवक्ताओं के साथ उत्पीड़न की गंभीर घटनायें घटित हुई है। अधिवक्ताओं की हत्या व उत्पीड़न के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों की तत्काल गिरफ्तारी व उनके विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्यवाही प्रदेश सरकार से अपेक्षित थी, जो अभी तक नहीं की गयी है। प्रदेश सरकार द्वारा उपरोक्त घटनाओं को गंभीरता से न लेने तथा हत्या व उत्पीड़न के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों की गिरफ्तारी/प्रभावी कार्यवाही न किये जाने से प्रदेश के अधिवक्ताओं में रोष व्याप्त है और यदि शीघ्र ही प्रभावी कार्यवाही न हुई तो उक्त रोष उग्र आन्दोलन का रूप ले सकता है। दि बार एसोसिएशन एण्ड लाइब्रेरी मुरादाबाद के द्वारा मांग की गई है कि घटनाओं के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की जाए।
