प्रशांत शर्मा/मुरादाबाद: भाजपा नेता अनुज चौधरी को गोली मारकर मौत के घाट उतारने वाले तीन शूटरों को थाना मझोला और सिविल लाइंस थाना पुलिस टीम ने मुठभेड़ के दौरान धर दबोचा। मुठभेड़ में तीनों शूटर घायल हुए हैं, तो वही मुठभेड़ कि घटना में 2 पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसएसपी हेमराज मीना ने पुलिस अधिकारियों के साथ जिला अस्पताल पहुंचकर घायल शूटरों और पुलिसकर्मियों का हाल जाना।
बता दें कि बीते दिनों भाजपा नेता अनुज चौधरी की मझोला थाना क्षेत्र में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में दो आरोपियों को मझोला थाना पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। जबकि भाजपा नेता को गोली मारकर मौत के घाट उतारने वाले तीनों शूटरों फरार थे। जिनकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई थी और आखिरकार मंगलवार की सुबह थाना मझोला और सिविल लाइंस पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस टीम ने फाजलपुर इलाके में मुठभेड़ के दौरान भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या करने वाले तीनों शूटरों को मुठभेड़ में धर दबोचा। एसएसपी हेमराज मीना ने जानकारी देते हुए बताया कि 10 अगस्त को थाना मझोला क्षेत्र अंतर्गत पार्श्वनाथ सोसाइटी में घटना हुई थी। जिसमें तीन अज्ञात बदमाशों ने एक अनुज नाम के व्यक्ति को गोली मार दी गई थी। जिनकी इलाज के दौरान मृत्यु हो गई थी। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था घटना का अनावरण किया गया था। और तीन लोगों के नाम प्रकाश में आए थे शूटर जो थे, उसमे एक सूर्यकांत उर्फ सानू था, दूसरा आकाश उर्फ गटुआ, और सुशील उर्फ गोलू इन तीन लोगों के नाम प्रकाश में आए थे। और उनकी गिरफ्तारी के लिए हमारी टीमें लगातार काम कर रही थी।
आज सुबह सूचना मिली थी कि यह तीनों कांठ थाना क्षेत्र की ओर से सरेंडर करने के लिए मुरादाबाद की तरफ आ रहे थे। इस सूचना पर सिविल लाइंस थाना पुलिस और मझोला थाना पुलिस टीम के द्वारा घेराबंदी की गई। जिसमें अगवानपुर एरिया में इनको ट्रेस किया गया और वहां पर जब इनकी घेराबंदी की गई तब एक मोटरसाइकिल सवार के द्वारा दीवार के पीछे छुप कर फायर किया गया। जिस पर उसके बाद जवाबी फायररिंग में उसके पैर में गोली लगी है। उसका नाम सुशील उर्फ गोलू है। उसके बाद 2 लोग जो दूसरी मोटरसाइकिल पर थे उन्होंने वहां से भागने का प्रयास किया जिनको आगे थाना मझोला क्षेत्र अंतर्गत ट्रेस करके इनकी घेराबंदी की गई तो इनके द्वारा भी पुलिस के ऊपर फायरिंग का प्रयास किया गया जिसमें हमारे एक आदमी उसको हल्की चोट भी आई है और उन दोनों लोगों को भी वहां पर गोली लगी है और उसके बाद उनको गिरफ्तार किया गया है, जिसमें एक का नाम सूर्यकांत उर्फ सानू है और दूसरे का नाम आकाश उर्फ गटुआ है। तीनों लोगों को यहां पर जिला अस्पताल के अंतर्गत लाया गया है जिनका यहां पर इलाज चल रहा है बाकी हमारे दो जो हेड कांस्टेबल हैं उनको भी इसमें चोट लगी है,उनका भी यहां पर इलाज कराया जा रहा है।

