राजस्थान: भरतपुर जनपद में आज सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। गुजरात से यूपी जा रही यात्रियों से भरी एक बस को ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना में 11 लोगों की मौत हुई है, जबकि कई अन्य घायल हैं। बताया गया है कि जब यह हादसा हुआ, तब बस सड़क के किनारे खड़ी थी।
भरतपुर में हुए दर्दनाक हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई। जबकि इस दुर्घटना में 12 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे है। घटना की जानकारी मिलने के बाद लखनपुर, नदबई, हलैना और वैर थाने के पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटना लखनपुर थाना क्षेत्र के नेशनल हाइवे 21 पर हंतारा के पास आज सुबह 5:30 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। मरने वालों में छह महिला और पांच पुरुष शामिल हैं। सभी मृतक भावनगर (गुजरात) निवासी बताए जा रहे हैं।
सड़क पर बिखरी लाशें, हाइवे पर लगा जाम
हादसे के बाद लाशें हाईवे पर बिखर गई। वहां मौजूद लोगों ने एक-एक शव को बीच सड़क से हटाकर साइड में रखवाया। हादसे के बाद हाइवे पर जाम भी लग गया। पुलिस ने बताया कि अभी तक ये पता नहीं चल पाया है कि किस वाहन ने टक्कर मारी। घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। होश में आने पर उनसे पूछताछ की जाएगी।
शवों को पोस्टमार्टम को भेजा
फिलहाल, पुलिस ने मृतकों के शवों को मोर्चरी में रखवा दिया है और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच करने में लगी हुई है। सूचना पर भरतपुर जिला कलेक्टर लोक बन्धु RBM अस्पताल पहुंचे हैं। घायलों के उपचार को लेकर अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए हैं। घटनास्थल पर एसपी मृदुल कच्छावा ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली है।
