यूपी: देवरिया जनपद में दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई है। जहां जमीनी विवाद में छह लोगों की निर्मल हत्या कर दी गई है। घटना को लेकर पूरे इलाके में हड़कंप मचा है। गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। मरने वालों में पांच लोग एक ही परिवार के शामिल हैं।
देवरिया जनपद में सोमवार की सुबह खूनी संघर्ष में 6 लोगों की हत्या हो गई। मामला जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव का है। जहां जमीन के विवाद को लेकर घटना को अंजाम दिया। मरने वालों में पांच लोग एक ही परिवार के शामिल हैं। एक युवक घायल है जिसको मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर कमिश्नर गोरखपुर के अलावा डीएम और एसपी पहुंच गए। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस व पीएसी तैनात की गई है। पुलिस के मुताबिक ग्राम पंचायत फतेहपुर के रहने वाले सत्य प्रकाश दुबे के भाई साधु दुबे ने कुछ दिन पहले अपने हिस्से की करीब 10 बीघा जमीन गांव के दूसरे टोले के रहने वाले पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेमचंद यादव को बेच दी थी। जमीन बेचने के बाद वह प्रेमचंद यादव के घर रहते थे। तीन माह पहले साधु दुबे गुजरात चले गए। जमीन को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा था। आज सुबह करीब 7 बजे प्रेमचंद यादव बाइक पर सवार होकर दूसरे टोले पर विवादित जमीन देखने गए थे। खेत के पास विवाद होने लगा। इसके बाद प्रेमचंद यादव सत्य प्रकाश दुबे के दरवाजे पर पहुंच गए। सत्य प्रकाश दुबे के दरवाजे पर विवाद बढ़ गया। उस दौरान सत्य प्रकाश दुबे व अन्य ने मिलकर प्रेमचंद यादव को ईंट से मारकर हत्या कर दी। हालांकि गांव के लोगों ने बीच बचाव करने की कोशिश की
हत्या से बौखलाए परिवार ने पांच लोगों को दी मौत
घटना की जानकारी प्रेमचंद यादव के घर वालों को हुई। तो प्रेमचंद यादव के घर के लोग सत्य प्रकाश दुबे के दरवाजे पर पहुंचे। सभी लोग घर में दरवाजा बंद कर छुप गए थे लेकिन आक्रोशित लोग दरवाजा तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुए और घर में सभी की बारी-बारी से धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। मृतकों में एक ही परिवार के पांच लोग शामिल हैं। जिसमें सत्य प्रकाश दुबे तथा उनकी पत्नी किरण दुबे एवं पुत्री सलोनी, नंदिनी के अलावा पुत्र गांधी दुबे शामिल हैं। इस दौरान प्रकाश दुबे के पुत्र अनमोल दुबे घायल हो गए जिन्हें मेडिकल कॉलेज देवरिया में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना पर गांव पहुंचे कमिश्नर एवं आईजी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय रुद्रपुर पुलिस में फोर्स पहुंची तब तक हमलावर भाग चुके थे। उसके बाद पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा एवं जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का जायजा लिया। 6 लोगों की हत्या की सूचना मिलने के बाद गोरखपुर से कमिश्नर अनिल ढींगरा एवं आईजी के रविंद्र गौड मौके पर पहुंचे एवं घटनास्थल का जायजा लिया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांव के हजारों लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। गांव के चारों तरफ पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।

