मुरादाबाद:त्योहार के इस सीजन में प्याज के दाम आसमान छू रहे हैं। प्याज की बढ़ी हुई कीमतों से लोगों की थाली से प्याज गायब होने लगा है। ऐसे में अब लोगों की खाने की थाली बेस्वाद होने लगी है। वहीं प्याज की कीमतें बढ़ने से लोगों के घरों का बजट भी बिगड़ने लगा है।
त्योहार के इस सीजन में क्यों आसमान छू रहे हैं प्याज के दाम
मुरादाबाद जनपद में थोक में और फुटकर में क्या है प्याज की कीमतें इसको लेकर मुरादाबाद मंडी समिति के थोक प्याज व्यापारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि पुराने प्याज का स्टॉक खत्म होने और अन्य जगहों पर भी प्याज का एक्सपोर्ट होने के चलते प्याज की कीमतों में इजाफा हुआ है। वहीं कई सब्जी व्यापारियों ने प्याज की बड़ी हुई कीमतों को ट्रांसपोर्ट की वजह भी बताया है।
सब्जी मंडी में प्याज 40 से 50 रुपये
थोक प्याज व्यापारी अक्षय ने जानकारी देते हुए बताया कि मुरादाबाद सब्जी मंडी में प्याज का थोक का रेट 40 रुपये किलो से लेकर 50 रुपये किलो तक है जिसे फुटकर में सब्जी विक्रेता अपने लाभ के अनुसार दामों में बेच रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुरादाबाद मंडी ही नहीं उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों की सब्जी मंडियों में और देश की कई मंडियों में नासिक से प्याज सप्लाई होता है, मगर पीछे हुई बारिश के चलते काफी मात्रा में प्याज खराब हो गई ऐसे में पुराने प्याज का जो स्टॉक था वह खत्म होने की कगार पर है,इस वजह से प्याज के रेट में बढ़ोतरी हुई है, जहां मंडी में भारी मात्रा में प्याज की सप्लाई नासिक से हो रही थी तो वहीं वह सप्लाई अब आधे से भी काम रह गई है ऐसे में प्याज के दाम बढ़ना जाहिर है। उन्होंने आगे कहा कि अब नई प्याज की आमद आने वाली है तब प्याज के दामों में कमी आएगी। वही प्याज के थोक व्यापारी राशिद ने जानकारी देते हुए बताया कि पीछे से माल अन्य जगह एक्सपोर्ट हो रहा है, यहां माल कम आ रहा है इस वजह से यहां पर रेट बड़ा हुआ है।
