मुरादाबाद: अयोध्या में जैसे-जैसे प्राण प्रतिष्ठा समारोह नजदीक आ रहा है, शहरवासी भगवान श्रीराम की भक्ति में डूब रहे हैं। मंदिरों में दीपोत्सव धूमधाम से मनाने के लिए जबरदस्त तैयारी की जा रही है। वही मुरादाबाद में राष्ट्रीय पुजारी परिषद के पदाधिकारी मंदिर-मंदिर संपर्क कर तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं।
राष्ट्रीय पुजारी परिषद के संस्थापक श्याम कृष्ण रस्तोगी के मुताबिक दीपोत्सव के लिए सभी मंदिर समितियों और पुजारियों से संपर्क किया जा रहा है। 22 जनवरी को विशेष पूजा की जाएगी। संस्थापक ने बताया कि शहर में करीब दो सौ मंदिरों में दीपोत्सव मनाने की योजना बनाई जा रही है। राष्ट्रीय पुजारी परिषद के संस्थापक श्याम कृष्ण रस्तोगी ने बताया कि 20 सितंबर 2023 को वह खुद अयोध्या गये थे। वहां पर देशभर से प्रांतों के संत संपर्क प्रमुख पहुंचे थे। वहां आयोजित बैठक में 22 जनवरी 2024 को भव्य रूप से दीपोत्सव मनाने की योजना बनाई गई थी। जनवरी की शुरुआत से ही मैंने और परिषद के पदाधिकारियों ने मंदिरों में पुजारियों से संपर्क करना शुरू कर दिया है। दो घंटे सुबह और चार घंटे शाम को प्रतिदिन मंदिर जाते हैं। अब तक शहर के 150 मंदिरों में संपर्क हो चुका है। ये वो मंदिर हैं, जहां पर हिंदू आबादी कम है और वहां दीपोत्सव के लिए प्रेरित करना बहुत जरूरी है।
