पुलिस ने किया टैक्सी चालक की हत्या का खुलासा, जानिए हत्या की वजह

प्रशांत शर्मा

मुरादाबाद: टैक्सी चालक रामरतन की हत्या का सदर कोतवाली पुलिस ने खुलासा कर दिया है। टैक्सी चालक की हत्या के मामले में तीन हत्यारोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने दो तमंचे और लूटी गई कार भी बरामद कर ली है।

पुलिस लाइंस में प्रेसवार्ता करते वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना ने रिजर्व पुलिस लाइंस में मंगलवार को प्रेस वार्ता कर टैक्सी चालक की हत्या का खुलासा कर दिया है। बता दे की मझोला थाना क्षेत्र के नया मुरादाबाद के रहने वाले राम रतन सिंह टैक्सी चलाते थे। वह बीते दिनों सदर कोतवाली क्षेत्र इंपीरियल तिराहा स्थित टैक्सी स्टैंड से अचानक लापता हो गए थे और उनका शव बिलारी थाना क्षेत्र में मिला था। इस मामले में मृतक के बेटे मनोज कुमार के द्वारा अज्ञात बदमाशों के खिलाफ अपहरण कर पिता की हत्या किये जान और गाड़ी लूट कर ले जाने के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस मामले में सदर कोतवाली पुलिस ने तीन हत्या आरोपी बिजनौर जनपद के स्योहारा थाना क्षेत्र के गांव भगवानपुर रेनी के रहने वाले अभय बिश्नोई पुत्र हरिओम सिंह बिश्नोई, दीप बिश्नोई पुत्र सत्यवीर सिंह और मुरादाबाद जनपद के बिलारी थाना क्षेत्र के गांव आजमपुर के रहने वाले मधुर चौधरी पुत्र महिपाल सिंह को गिरफ्तार कर टैक्सी चालक राम रतन सिंह की हत्या से पर्दा उठा दिया है। 

पूछताछ में चौकाने वाला खुलासा

पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वह तीनों आपस में दोस्त हैं और अपराध कारित करने के लिए एक गाड़ी की जरूरत थी। इसलिए हम लोगों ने 2 मार्च की सुबह मुरादाबाद शहर के इंपीरियल तिराहा से एक टाटा टिएगो गाड़ी किराए पर ली और गाड़ी लूट के उद्देश्य से हम लोगों ने चालक राम रतन की हत्या कर दी थी और गाड़ी व सामान को लूटकर ले गए थे। कोतवाली पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया है, आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने दो तमंचे और लूटी गई गाड़ी भी बरामद कर ली है।

और नया पुराने