Vande Bharat Train: मुरादाबाद पहुंचने पर ट्रेन का हुआ स्वागत,प्रधानमंत्री ने किया वर्चुअल शुभारंभ

मुरादाबाद: रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत ट्रेन के पहुंचने पर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वंदे भारत ट्रेन का अहमदाबाद में वर्चुअल शुभारंभ  किया। देहरादून से लखनऊ जाने वाली वंदे भारत ट्रेन के मुरादाबाद पहुंचने पर रेल प्रशासन के साथ ही महानगर वासियों के द्वारा पुष्प वर्षा कर जोरदार स्वागत किया गया। ट्रेन के मुरादाबाद पहुंचने पर सेल्फी लेने और वीडियो बनाने की भी होड़ लगी रही। 


वंदे भारत ट्रेन के मुरादाबाद पहुंचने पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता के साथ  भारी संख्या में शहर वासी मौजूद रहे,देहरादून से लखनऊ के बीच वंदे भारत ट्रेन के शुभारंभ के अवसर पर यात्रियों ने  निशुल्क सफर किया। वंदे भारत ट्रेन को लेकर सभी लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। बता दें कि मंगलवार को देहरादून लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अहमदाबाद से वर्चुअल झंडी दिखाकर रवाना किया, झंडी दिखाने के साथ ही ट्रेन देहरादून स्टेशन से चल पड़ी। ट्रेन मुरादाबाद स्टेशन पर दोपहर 12:52 पर पहुंची। ट्रेन के पहुंचने से पहले ही बढ़ी संख्या में लोग  रेलवे स्टेशन पहुंच गए थे। बहुत से लोग अपने परिवार के साथ आए। जिसमे बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल रहे। सभी बेसब्री से ट्रेन के आने का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही ट्रेन के प्लेटफार्म नंबर एक पर आने की घोषणा हुई लोगों की निगाहें यार्ड की तरफ घूम गईं। सभी अपने मोबाइल से ट्रेन के आने का वीडियो बनाने लगे। ट्रेन के स्वागत के लिए पटरी पर पटाखे भी लगाए गए थे। वंदे भारत के आते ही पुष्प वर्षा करके उसका स्वागत किया। ट्रेन रुकने के बाद उसके आटोमेटिक दरवाजे स्वत: खुलने लगे, दरवाजा खुलते ही लोग अंदर जाकर पहुंच गए।लोग सीट पर बैठकर सेल्फी लेते नजर आए। इस दौरान लोगों के चेहरे पर उत्साह अलग ही दिखाई दे रहा था। वंदे मातरम, भारत माता की जय के नारे रेलवे स्टेशन पर गूंजते रहे। 


ट्रेन 15 मिनट रुककर 1:10 पर रवाना हो गई।वहीं इससे पूर्व सुबह आठ बजे स्टेशन पर समारोह का आयोजन भी किया गया,जिसमे विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा वर्चुअल कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया, इस दौरान मुरादाबाद मंडल की 24 स्टेशन पर संचालित होने वाली योजनाओं का भी शुभारंभ किया गया। इसमें ऋषिकेश में जन औषधि केंद्र, मुरादाबाद सहित छह स्टेशन पर एक स्टेशन एक उत्पाद के स्टाल का  शुभारंभ किया गया, इस मौके पर मंडल रेल प्रबंधक राजकुमार सिंह सहित मंडल के सभी रेलवे अधिकारी सहित जनपद के जनप्रतिनिधि और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

और नया पुराने