लेवल क्रॉसिंग पर सुरक्षा को लेकर विश्वव्यापी पहल, एडीआरएम ने किया सेल्फी पॉइंट का उद्घाटन

मुरादाबाद:अंतर्राष्ट्रीय समपार फाटक जागरूकता दिवस के उपलक्ष में एडीआरएम के द्वारा सेल्फी पॉइंट का उद्घाटन किया गया है। इस दौरान कहा गया कि अंतर्राष्ट्रीय समपार फाटक जागरूकता दिवस के लेवल क्रॉसिंग पर सुरक्षा के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए एक विश्वव्यापी पहल है। 

इंटरनेशनल लेवल क्रॉसिंग अवेयरनेस डे का विषय ऐसी तकनीक है, जो लोगों को शिक्षित करने, जागरूकता बढ़ाने और अंततः क्रॉसिंग पर दुर्घटनाओं को रोकने में मदद कर सकती है। रेलवे अधिनियम 1989 की धारा 160 के अनुसार गैर क़ानूनी रूप मानवसहित समपार को पार करना एक दंडनीय अपराध है। आज इस महत्वपूर्ण दिवस पर अपर मण्डल रेल प्रबंधक (परिचालन) राकेश सिंह ने वरिष्ठ मण्डल संरक्षा अधिकारी  प्रशांत शर्मा तथा मण्डल के अन्य अधिकारियों के साथ मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर सेल्फी पॉइंट का उद्घाटन किया। इस मौके पर उपस्थित सभी अधिकारियों, रेल कर्मचारियों एवं रेल यात्रियों ने सेल्फी पॉइंट पर अपनी सेल्फी ली।अंतर्राष्ट्रीय समपार फाटक जागरूकता दिवस के अवसर पर अपर मण्डल रेल प्रबंधक (परिचालन ) तथा वरिष्ठ मण्डल संरक्षा अधिकारी ने मतलबपुर- अगवानपुर रेलखंड में समपार फाटक संख्या 432बी, 433बी पर समपार फाटक से गुजरने वाली जनता के साथ संवाद स्थापित करते हुए जागरूक किया तथा उपस्थित रेल कर्मचारियों ने समपार फाटक पार करने वाले राहगीरों को पम्पलेट वितरित कर जागरूक करने का कार्य किया। पूरे मण्डल में यह अंतर्राष्ट्रीय समपार फाटक जागरूकता दिवस मनाया जा रहा है तथा पूरे मण्डल में एक सप्ताह तक समपार फाटक जागरूकता सप्ताह के रूप में मनाया जायेगा ।

और नया पुराने