दिल्ली: नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित भव्य समारोह में लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ले ली है। उनके बाद राजनाथ सिंह, अमित शाह से लेकर जयशंकर और निर्मला सीतारमण ने भी एक बार फिर मंत्री पद की शपथ ली। इसके अलावा जेडीएस के कुमारस्वामी, हम के जीतनराम मांझी ने भी शपथ ली।
रविवार की शाम को 7:15 मिनट पर राष्ट्रपति भवन में भव्य समारोह आयोजित हुआ। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कुल 72 मंत्रियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। शपथ ग्रहण के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के बाद दूसरे नंबर पर राजनाथ सिंह ने शपथ ली। अमित शाह, गडकरी और शिवराज सिंह चौहान समेत 30 कैबिनेट मंत्रियों ने शपथ ली।
तीन कार्यकाल तक गुजरात के सीएम रहे नरेंद्र मोदी, तीसरी बार बने पीएम
भाजपा नेता नरेंद्र मोदी 2014 में पहली बार देश के प्रधानमंत्री चुने गए थे। इससे पहले लगातार तीन कार्यकाल तक वो गुजरात के मुख्यमंत्री रहे थे। 2019 में नरेंद्र मोदी दूसरी बार भारत के प्रधानमंत्री बने। अब 2024 में नरेंद्र मोदी ने तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली है.
